🙏 प्रधानाचार्य का संदेश
राजकीय हाईस्कूल, तालगौटिया बरेली, जिसकी नींव वसुधैव कुटुंबकम् के आधार पर रखी गयी है जिसमें सभी विचारधाराओं का समावेश है। छात्रों में अन्तर्निहित सृजनात्मक प्रतिभा को उचित मंच देने के लिए विद्यालय पत्रिका एक सशक्त माध्यम है। जिससे न केवल विद्यालय बल्कि वाह्य समाज भी लाभान्वित होता है।
विद्यालय रूपी उद्यान में छात्रों रूपी पौधों को पुष्पित और पल्लवित होने का पूर्ण अवसर प्रदान किया जाता है। अध्येताओं के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में उनकी अभिव्यक्ति क्षमता की अहम भूमिका है और क्षमता तभी विकसित होती है, जब हम उन्हें लेखन के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
विद्यालय ही वह स्थान है जहाँ युवा मन में स्वस्थ सामाजिक परम्पराओं, श्रेष्ठ संस्कारों, उच्च नैतिक मूल्यों और राष्ट्र प्रेम का बीजारोपण किया जाता है। हमारे विद्यार्थी जब विद्यालय छोड़ें तो दृढ़ विश्वास, सकारात्मक ऊर्जा और नैतिक जीवन मूल्यों से लबरेज ऐसे विचारशील युवा बनकर निकलें जो समाज के हर क्षेत्र में अपना विशिष्ट स्थान बना सकें।
आज इस पोर्टल के माध्यम से मैं माननीय संयुक्त शिक्षा निदेशक महोदय एवं जिला विद्यालय निरीक्षक महोदय के मार्गदर्शन हेतु हार्दिक धन्यवाद व्यक्त करता हूँ। साथ ही विद्यार्थियों को हृदय से आशीर्वाद। आप सभी अपने जीवन में फलदार वृक्ष की भाँति उन्नति करें।